सरायकेला में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, छह थाना-ओपी प्रभारियों का तबादला, राजनगर, तिरुलडीह, चौका, सीनी, दलभंगा और कांड्रा में बदले प्रभारी, तत्काल योगदान का निर्देश
Seraikella
सरायकेला। जिले में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के कई थाना एवं ओपी प्रभारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार सोनू कुमार को राजनगर थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, राजनगर के पूर्व थाना प्रभारी विपुल ओझा का तबादला करते हुए उन्हें तिरुलडीह थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में गौरव कुमार, जो चौका थाना प्रभारी के पद पर कार्यरत थे, उन्हें स्थानांतरित कर सीनी ओपी प्रभारी बनाया गया है। खरसावां में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर संजीव कुमार सिंह को चौका थाना प्रभारी की कमान सौंपी गई है।
वहीं, कांड्रा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर नरसिंह मुंडा को दलभंगा ओपी प्रभारी नियुक्त किया गया है। जबकि विनोद तिर्की को कांड्रा थाना का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए पदस्थापित अधिकारियों के समक्ष संबंधित थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी होगी।
