एसआईआर -2026: सरायकेला खरसावां में राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 22 जुलाई को होगी बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक
Seraikella
सरायकेलाः विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त एवं निबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में 22 जुलाई को प्रस्तावित बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आगामी निर्वाचन संबंधी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 95.53 प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 47.59 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है। साथ ही एएसडीडी सूची तैयार करने की प्रक्रिया भी प्रगति पर है। विधानसभावार डिजिटाइजेशन और एएसडीडी की स्थिति से भी प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया।
उपायुक्त ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद 29 जुलाई तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण, 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति, 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक उनका निष्पादन तथा 7 अक्टूबर, 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के बीएलए-1 से आग्रह किया कि वे अपने बीएलए-2 को 22 जुलाई की बैठक एवं चुनाव पाठशाला में अनिवार्य रूप से शामिल होने के लिए प्रेरित करें। साथ ही मतदान केंद्रों पर संबंधित बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर एएसडीडी सूची तैयार करने, गणना प्रपत्रों के सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्य में सक्रिय सहयोग देने को कहा। विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
बैठक में बीएलए-2 की भूमिका एवं जिम्मेदारियों, प्राप्त गणना प्रपत्रों के सत्यापन, एएसडीडी सूची निर्माण, एक परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र पर सुनिश्चित करने तथा त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। यह भी बताया गया कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची या एएसडीडी सूची में शामिल हो जाता है, तो वह 5 अगस्त से 4 सितंबर के बीच निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत कर अपना नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल करा सकता है।
बैठक के अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से एसआईआर-2026 अभियान में सक्रिय सहयोग करने और मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
बैठक में अपर उपायुक्त एवं निर्वाची निबंधक पदाधिकारी (57-खरसावां) जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी एवं निर्वाची निबंधक पदाधिकारी / ग्रायकेला) अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकाल सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
