अर्जुन मुंडा के आवास पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
काली पूजा पर घोड़ाबांधा स्थित आवास में भव्य आयोजन, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और औद्योगिक जगत की हस्तियों ने की शिरकत
Jamshedpur
जमशेदपुर। काली पूजा के पावन अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के घोड़ाबांधा स्थित आवास पर मंगलवार को भव्य महाप्रसाद का आयोजन किया गया। पारंपरिक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच आयोजित इस धार्मिक समागम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं, भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूरे परिसर में आस्था और सामाजिक समरसता का माहौल देखने को मिला।
प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस पारंपरिक कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों से लोग पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने स्वयं आगंतुकों, अतिथियों और श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया। लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर काली पूजा, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने सभी को पर्व-त्योहारों की बधाई देते हुए लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्व-त्योहार हमारी संस्कृति, आध्यात्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने तथा सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत बनाने का काम करते हैं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
राजनीतिक दिग्गजों का लगा जमावड़ा
महाप्रसाद कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, मनोज सिंह, गणेश मिश्रा, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पलामू सांसद बीडी राम, धनबाद सांसद ढुलू महतो, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू एवं सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास प्रमुख रूप से शामिल हुए।
इसके अलावा पूर्व सांसद पीएन सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पाण्डेय, दिनेशानंद गोस्वामी, अभय कांत, रांची की मेयर रोशनी खलखो, आदित्यपुर के मेयर संजय सरदार, डिप्टी मेयर अंकुश सिंह, खूंटी नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, बड़कुंवर गागराई, किशुन दास, कोचे मुंडा, रामकुमार पाहन, हरेकृष्ण सिंह एवं लक्ष्मण टुडू सहित कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
औद्योगिक जगत की हस्तियों ने भी की शिरकत
कार्यक्रम में औद्योगिक एवं श्रमिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर, टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग चार्या, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय एवं एसके बेहरा सहित कई प्रतिष्ठित लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
भाजपा जमशेदपुर महानगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अतिथियों के स्वागत, महाप्रसाद वितरण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्यकर्ता सक्रिय रहे। आयोजन को सफल बनाने में जमशेदपुर महानगर के महामंत्री जितेंद्र राय, मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, गणेश सोलंकी, रतन महतो एवं काली शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही।
अंत में अर्जुन मुंडा ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए सबके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
