JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच की मांग को लेकर भाजपा का धरना-प्रदर्शन
Seraikella
सरायकेला। JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष CBI जांच और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा झारखंड की ओर से बुधवार को सरायकेला समाहरणालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू मुख्य रूप से शामिल हुए।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजीव सरदार समेत जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी औरबड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भर्ती परीक्षाएं युवाओं के भविष्य से जुड़ी होती हैं और इनमें किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। भाजपा युवाओं और छात्रों के हित में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच एजेंसी से कराने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों में असंतोष है और उनकी शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। पार्टी ने आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज कथित मुकदमों को वापस लेने की भी मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन में जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों, पीएलए-2 पदाधिकारियों, पूर्व मंडल अध्यक्षों और पूर्व मंडल पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की और सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई।
