बड़ाबाम्बो रेलवे ट्रैक के पास अज्ञात व्यक्ति का शव
मिलने से सनसनी, 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की नहीं हो सकी
पहचान, मौत के कारणों की जांच में जुटी रेलवे पुलिस,
Kharsawan
चक्रधरपुर रेल मंडल के बड़ाबाम्बो रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब चार बजे की है। बड़ाबाम्बो रेलवे स्टेशन के समीप अप लाइन पर पोल संख्या 300/25 के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। इसकी सूचना मिलने पर चक्रधरपुर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजखरसावां राजकीय रेल थाना (जीआरपी) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने मौके का निरीक्षण किया और शव को रेल पटरी के पास से हटाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा किया। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
हादसा या कोई अन्य वजह, जांच जारी
फिलहाल व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका है कि व्यक्ति चलती ट्रेन से गिरा होगा, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मौत के पीछे किसी अन्य कारण की संभावना को भी नकारा नहीं गया है। रेलवे पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस मृतक की पहचान करने और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
