झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित, प्रदीप वर्मा अध्यक्ष और शबाना रब्बानी महासचिव निर्वाचित, अजहर अंसारी को सरायकेला-खरसावां जिले से उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी, AIFF पर्यवेक्षकों की देखरेख में संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया
राज्य में फुटबॉल के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर रहेगा नई समिति का जोर
Jharkhand
झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन (JFA) की नई राज्यस्तरीय कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया है। चुनाव प्रक्रिया अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) द्वारा प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में संपन्न हुई। चुनाव में प्रदीप वर्मा को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष तथा शबाना रब्बानी को महासचिव निर्वाचित किया गया। वहीं, सरायकेला-खरसावां जिले के अजहर अंसारी को उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान AIFF की ओर से प्रतिनियुक्त सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर इकबाल आलम अंसारी तथा पर्यवेक्षक मो. शाहिद मौजूद रहे। इसके अलावा झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से शिवेंदु दुबे भी उपस्थित थे। चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के नामों की घोषणा की गई।

नई समिति में मुकुल चौधरी (पूर्वी सिंहभूम), अजहर अंसारी (सरायकेला-खरसावां) और सुश्री नूपुर को उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं, आफताब अहमद को कोषाध्यक्ष बनाया गया। संयुक्त सचिव के रूप में सुश्री आशा एवं मंसूर आलम को जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा सुभाष रजक, नवनीत ओझा और साजिद अहमद को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव गुलाम रब्बानी सहित झारखंड के विभिन्न जिलों से आए फुटबॉल एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
फुटबॉल को नई दिशा देने की उम्मीद
नई राज्यस्तरीय कार्यकारिणी के गठन से झारखंड में फुटबॉल गतिविधियों को और अधिक संगठित एवं मजबूत बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। नई समिति के सामने राज्य में फुटबॉल के विकास, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने, खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर तैयार करने तथा जिला स्तर पर फुटबॉल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की जिम्मेदारी होगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष, महासचिव सहित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को खेल जगत से जुड़े लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विशेष रूप से सरायकेला-खरसावां जिले से अजहर अंसारी के उपाध्यक्ष निर्वाचित होने पर स्थानीय फुटबॉल प्रेमियों में खुशी देखी जा रही है।
