कोलकाता मजदूरी करने जा रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव,
राजखरसावां-माहलीमुरुप स्टेशन के बीच पोडाडीह गांव के समीप हुआ हादसा, छत्तीसगढ़ का रहने वाला था मृतक
Rajkharsawan
चक्रधरपुर रेलवे डिवीजन के अंतर्गत राजखरसावां और माहलीमुरुप रेलवे स्टेशन के बीच खरसावां के पोडाडीह गांव के समीप गुरुवार देर रात ट्रेन से गिरकर 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शुक्रवार को थर्ड रेलवे लाइन पर पोल संख्या 288/7 ए के समीप युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के कोबरा जिला अंतर्गत दूर्वा थाना क्षेत्र के हेसामुड़ा गांव निवासी गुलशन कुमार (36) के रूप में हुई है। वह पवन सिंह के पुत्र थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुलशन कुमार एक संवेदक के साथ मजदूरी करने के लिए कोलकाता जा रहे थे। मृतक की पत्नी के अनुसार, वह रोजगार के सिलसिले में कोलकाता के लिए निकले थे। इसी दौरान राजखरसावां-माहलीमुरुप रेलखंड के बीच पोडाडीह गांव के समीप थर्ड रेलवे लाइन पर उनका शव पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि यात्रा के दौरान वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों में हलचल मच गई। इसकी जानकारी खरसावां पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गुलशन कुमार किस ट्रेन से यात्रा कर रहे थे और किन परिस्थितियों में ट्रेन से नीचे गिरे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना की खबर मिलने के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है। रोजगार की तलाश में कोलकाता जा रहे युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
