राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे खरसावां के सुमित सौरभ पूर्ति, अंडर-14 बॉयज टीम में हुआ चयन, 12 से 17 नवंबर तक मध्य प्रदेश के छतरपुर में दिखाएंगे खेल प्रतिभा,
Jharkhand
खेल के क्षेत्र में खरसावां के प्रतिभाशाली खिलाड़ी सुमित सौरभ पूर्ति ने अपनी मेहनत और लगन से एक नई उपलब्धि हासिल की है। आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, खरसावां के प्रशिक्षु खिलाड़ी सुमित का चयन झारखंड स्कूल नेशनल अंडर-14 बॉयज फुटबॉल टीम में हुआ है। वह राष्ट्रीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 17 नवंबर तक मध्य प्रदेश के छतरपुर में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। झारखंड टीम में सुमित का चयन होने से खरसावां सहित पूरे सरायकेला खरसावां जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। सुमित की इस उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला खेल संघ (डीएसए) के सचिव मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, फुटबॉल प्रशिक्षक बलराम महतो एवं संजय सुंडी समेत आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं ने उन्हें बधाई दी। सभी ने सुमित के साथ झारखंड टीम को भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
