झारखंड लगातार दूसरी बार बना एसजीएफआई नेशनल चैंपियन, दिल्ली को हराकर रचा इतिहास, अंडर-14 फुटबॉल में झारखंड की शानदार जीत, खरसावां के सुमित सौरव पूर्ति ने भी दिखाया दमदार खेल,
Jharkhand
70वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता (एसजीएफआई) अंडर-14 बालक फुटबॉल में झारखंड की टीम ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित करते हुए लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। मध्य प्रदेश के छतरपुर में आयोजित प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में झारखंड ने दिल्ली की टीम को 1-0 से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस शानदार जीत के साथ झारखंड ने राष्ट्रीय फुटबॉल में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

झारखंड की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में खरसावां आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के होनहार खिलाड़ी सुमित सौरव पूर्ति ने भी अपने शानदार खेल से खास पहचान बनाई। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सुमित ने अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और अनुशासन का परिचय देते हुए खरसावां का मान बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि से खरसावां सहित पूरे सरायकेला-खरसावां जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय चैंपियन बनने की इस सफलता को खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और बेहतर टीम समन्वय का परिणाम माना जा रहा है। झारखंड की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और निर्णायक मुकाबले में दिल्ली को पराजित कर खिताबी जीत हासिल की।
इस उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन (डीएसए) के सचिव मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन तथा खरसावां आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक बलराम महतो और संजय संडी सहित सभी प्रशिक्षुओं ने विजेता टीम एवं सुमित सौरव पूर्ति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सुमित की सफलता खरसावां के अन्य युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में झारखंड के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
