विधानसभा स्तरीय निबंध व क्विज प्रतियोगिता में कृष्णापुर विद्यालय का दबदबा, क्विज में तनिष्क कुमार सिंहदेव ने हासिल किया प्रथम स्थान, निबंध में मौसमी महतो बनीं विजेता;
महिमा चाकी भी टॉप-10 में शामिल,
Kharsawan
खरसावां। 57-खरसावां विधानसभा क्षेत्र स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च विद्यालय कृष्णापुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के तहत वार्षेणी प्लस टू हाई स्कूल, सीनी में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता के क्विज वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय कृष्णापुर के दसवीं कक्षा के छात्र तनिष्क कुमार सिंह देव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं, निबंध प्रतियोगिता में दसवीं कक्षा की छात्रा मौसमी महतो ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इसके अलावा निबंध प्रतियोगिता में विद्यालय की ही छात्रा महिमा चाकी ने टॉप-10 में जगह बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

तीनों सफल विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के दौरान प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। अब ये तीनों विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खरसावां विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करेंगे। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता पर विद्यालय के नोडल शिक्षक महादेव मुंडा एवं विश्वजीत कुमार सतपथी ने बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और तैयारी का यह सुखद परिणाम है। उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तीनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
