कुचाई के बिरगामडीह में फुटबॉल प्रतियोगिता संर्पन्न,
गिलुवा एफसी को पराजित कर दंगल एफसी बनी चैम्पियन, ग्रामीण
क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है मंच देने की-करम सिंह मुंडा
Kuchai
कुचाई प्रखंड के रूगुडीह पंचायत अंतर्गत बिरगामडीह फुटबॉल मैदान में एम.एम.बी. राधु क्लब के तत्वावधान में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के विभिन्न गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में गिलुवा एफसी को 1-0 से पराजित कर दंगल एफसी चैम्पियन बनी। प्रतियोगिता के शुभारंभ एवं समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रूगुडीह पंचायत के मुखिया करम सिंह मुंडा और पूर्व मुखिया लखीराम मुंडा उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। साथ ही फुटबॉल प्रतियोगिमा के विजेता दंगल एफसी को 20 हजार नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं गिलुवा एफसी को उपविजेता के रूप में 15 हजार नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी आयोजन समिति की ओर से 5,500-5,500 रूपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मौके पर मुखिया करम सिंह मुंडा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है तथा अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। पूर्व मुखिया लखीराम मुंडा ने कहा कि फुटबॉल ग्रामीण क्षेत्रों का लोकप्रिय खेल है। क्षेत्र के युवा लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन पर जोर दिया। इस दौरान मुख्य रूप से रामरतन मुंडा, मधु चरण मुंडा, वासुदेव सिंह मुंडा, महावीर मुंडा, गुरवा मुंडा और हरिदेव सिंह मुंडा समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी, आयोजन समिति के सदस्य और खेलप्रेमी मौजूद थे।
