झारखंड जनशक्ति मंच की बैठक में संगठन विस्तार
पर मंथन, बासुदेव सिंकू बने केंद्रीय कोषाध्यक्ष, कार्ययोजना
पर हुई विस्तृत चर्चा, संगठन मजबूत करने का निर्णय,
chaibasa
झारखंड जनशक्ति मंच (जेजेएम) की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को चाईबासा के हेस्साबासा स्थित मेंजारी रेस्टोरेंट में केंद्रीय अध्यक्ष सह संस्थापक बिरसा सोय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, केंद्रीय कमिटी के गठन, जिम्मेदारियों के निर्धारण और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से बासुदेव सिंकू को केंद्रीय कोषाध्यक्ष एवं सह संस्थापक की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस दौरान झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक सक्रिय एवं समर्पित लोगों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। मौके पर श्री सोय ने कहा कि झारखंड जनशक्ति मंच का उद्देश्य महज संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि समाज के वास्तविक मुद्दों को मजबूती से सामने लाना और जनहित की आवाज को संगठित करना है। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं और आम जनता के विश्वास से बनेगी। उन्होने कहा कि जल, जंगल, जमीन, अधिकार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन और सामाजिक न्याय झारखंड से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। इन मुद्दों को लेकर मंच आने वाले दिनों में व्यापक जनजागरण और संगठनात्मक गतिविधियां चलाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि गांव, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर तक इसकी मजबूत उपस्थिति बनाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में प्रखंड, जिला और प्रमंडल स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा ईमानदार, सक्रिय और समाज के प्रति जिम्मेदार लोगों को संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका देने पर भी चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर अपने सुझाव रखे। बैठक के अंत में संगठन विस्तार की प्रक्रिया को तेज करने और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान मुख्य रूप से बासुदेव सिंकू, प्रेम प्रकाश बिरुवा, चुंबरू देवगम, आलोक बिरुली, अमर सिंह भूमिज, अभय सिंह जामुदा, सिरका हेंब्रम, दुर्गा चरण पूर्ति, शशि करण सुंडी, गुलाब सिंह सोय, जाम्बिरा बिरुवा, मंगल हेंब्रम, भरत उरांव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सक्रिय सदस्य मौजूद थे।
