शराब दुकान में चोरी का खुलासा, हथियार और शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, सीनी में वेंटिलेटर काटकर विदेशी शराब की चोरी का मामला, SIT ने की कार्रवाई, देशी कट्टा, दो गोलियां, 10 बोतल व्हिस्की, बाइक और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद
Sini
सरायकेला। सीनी ओपी क्षेत्र के अनुसूचित ग्राम विदेशी शराब दुकान में वेंटिलेटर काटकर शराब की बोतलें चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से देशी कट्टा, दो गोलियां, दो मोबाइल फोन, बाइक, विदेशी शराब की 10 बोतलें समेत चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। मामले में एक विधि-विरुद्ध निरुद्ध बालक को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 की रात सीनी ओपी अंतर्गत सीनी मोड़ स्थित विदेशी शराब दुकान का वेंटिलेटर काटकर शराब की बोतलें चोरी करने के आरोप में अज्ञात चोरों के खिलाफ सीनी ओपी कांड संख्या 86/2026, धारा 303(2)/334(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर एसडीपीओ सरायकेला के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी।
एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए बादल समासी (22 वर्ष), पिता विजय समासी, गांधी नगर, छोटा शिव मंदिर के समीप, थाना बागबेड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूम को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 को शेर पंजाब स्थित डीएस टावर की विदेशी शराब दुकान में चोरी करने की बात भी आरोपी ने स्वीकार की है। इस संबंध में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 250/2026, धारा 303(2)/334(1) बीएनएस दर्ज है।
हथियार समेत कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, दो गोलियां, दो मोबाइल फोन, एक बाइक, विदेशी शराब की 10 बोतलें बरामद की हैं। इसके अलावा दुकान का वेंटिलेटर और तिजोरी का छत काटने में इस्तेमाल प्लास, बोल्ट कटर और पेचकस भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बागबेड़ा थाना में वर्ष 2021 और 2025 के विभिन्न मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। छापेमारी दल में ओपी प्रभारी गौरव कुमार, एसआई हे कृष्ण महतो, एसआई सुधा हांसदा और रंजीव गाढ़ शामिल थे।
