मां काली की भक्ति में डूबा खरसावां, पदमपुर मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 129वें पदमपुर काली मेले के पांचवें दिन भक्तों की लगी कतार, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने पत्नी डॉ. मीरा मुंडा के साथ टेका मत्था
मां के दर्शन से मिलती है विकास और सकारात्मक सोच की प्रेरणा : अर्जुन मुंडा
Kharsawan
खरसावां। मां काली की भक्ति और आस्था में पूरा खरसावां क्षेत्र डूबा हुआ है। भक्ति और उल्लास के माहौल में खरसावां के प्रसिद्ध तेलीसाई पदमपुर मां काली मंदिर में आयोजित 129वें काली मेले के पांचवें दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मां काली के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतार लगी रही। दूर-दराज के गांवों और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान से मां की पूजा कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं, मनोकामना पूर्ण होने पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में बकरे की बलि अर्पित की।
मां काली के दर्शन करने वालों में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा अपनी पत्नी डॉ. मीरा मुंडा और जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा के साथ पहुंचे। तीनों ने मां के दरबार में शीश झुकाकर पूजा-अर्चना की तथा राज्य और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि मां काली के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास दूर-दूर तक फैला हुआ है। यही अटूट श्रद्धा भक्तों को पदमपुर खींच लाती है। मां के दर्शन से सकारात्मक सोच और विकास की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि खरसावां का पदमपुर मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा लोगों की धार्मिक भावनाओं को एक सूत्र में बांधती है।

डॉ. मीरा मुंडा ने कहा कि मां काली के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास इस मेले को विशिष्ट पहचान प्रदान करता है। लोग अपनी मनोकामनाएं लेकर मां के दरबार में पहुंचते हैं और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करते हैं। पदमपुर काली मेला क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
वहीं, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि पारंपरिक मेले हमारी सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं। विभिन्न गांवों और समुदायों के लोगों की भागीदारी से आपसी मेलजोल, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा मिलता है।
तांत्रिक विधि से पूजा, मेले में मनोरंजन के भी इंतजाम
गौरतलब है कि पदमपुर तेलीसाई मां काली मेला क्षेत्र में अपनी विशिष्ट धार्मिक पहचान रखता है। यहां तांत्रिक विधि-विधान से मां काली की पूजा-अर्चना की परंपरा रही है। मेले के दौरान सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ग्रामीण परिवेश की पारंपरिक संस्कृति और उत्सवी माहौल भी लोगों को आकर्षित कर रहा है।
मेले में महिला, पुरुष, बच्चों और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों के मनोरंजन की व्यवस्था की गई है। मंदिर में दर्शन के बाद लोग ओड़िया नाटक, झूला, थ्री-डी झूला, बूगी-बूगी और मौत का कुआं जैसे मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद ले रहे हैं। इसके अलावा चाइनीज और भारतीय व्यंजनों के स्टॉल, फोटो स्टूडियो, खिलौने, कॉस्मेटिक, मनिहारी, चूड़ी, जूते-चप्पल सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें मेले की रौनक बढ़ा रही हैं। पदमपुर मेला आज भी क्षेत्र की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के साथ लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
ये थे मौजूद: पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, डॉ. मीरा मुंडा, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, विजय महतो, डीएसए सचिव मो. दिलदार, रमानाथ महतो, जिला परिषद सदस्य सावित्री बानरा, झिग्गी हेम्ब्रम, सुब्रत सिंहदेव, सुधीर मंडल, दुर्गा मंडल, अखय मंडल, प्रदीप सिंहदेव, अनिरुद्ध सिंह, सत्यनारायण मंडल, सुकरू मंडल और कमल लोचन मंडल सहित अन्य उपस्थित थे।
