एशियाई खेलों में भारतीय तीरंदाजों का जलवा, 9 पदकों के साथ स्वदेश वापसी, 5 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य जीतकर बढ़ाया देश का गौरव, अर्जुन मुंडा ने खिलाड़ियों का किया अभिनंदन
New Delhi
नई दिल्ली। जापान में आयोजित एशियाई खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारतीय तीरंदाजी टीम रविवार को स्वदेश लौटी। दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने संघ के पदाधिकारियों के साथ खिलाड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। भारतीय तीरंदाजों ने प्रतियोगिता में 5 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य समेत कुल 9 पदक हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ, परिजनों और संघ के पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन, कठिन अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदक के पीछे खिलाड़ियों के संघर्ष, समर्पण और निरंतर अभ्यास की प्रेरणादायी कहानी जुड़ी हुई है। भारतीय तीरंदाजों की यह सफलता देश के लिए गर्व का विषय है। इससे देश के युवा खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।

प्रशिक्षकों और परिवारों के योगदान को सराहा
मुंडा ने भारतीय तीरंदाजों की सफलता में प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ और खिलाड़ियों के परिवारों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके साथ लंबे समय तक मेहनत करने वाली पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय तीरंदाज आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए देश का मान बढ़ाएंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भारतीय तीरंदाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई।
