आनंदपुर के टेन्ड्राउली में हॉकी का नया अध्याय, 32 टीमों के बीच खिताबी जंग शुरू
-शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का सांसद जोबा माझी ने किया उद्घाटन, बोलीं—ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
Annadpur
आनंदपुर: आनंदपुर प्रखंड के झारबेड़ा पंचायत अंतर्गत टेन्ड्राउली के निर्माणाधीन हॉकी स्टेडियम में रविवार को सलन चंद्रमोहन फ्रेंड्स क्लब टेन्ड्राउली के तत्वावधान में शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 9 अक्टूबर को खेला जाएगा। उद्घाटन मैच आरसी क्लब जेके और स्टार इलेवन ब्रो के बीच हुआ, जिसमें आरसी क्लब जेके ने जीत दर्ज की। इस अवसर पर खिलाड़ियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि टेन्ड्राउली में जिले का पहला हॉकी स्टेडियम तैयार हो रहा है, जो क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही यहां खिलाड़ियों को टर्फ मैदान की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

सांसद ने कहा, टेन्ड्राउली की इस धरती से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलकर देश और झारखंड का नाम रोशन करें, यही मेरी कामना है। खिलाड़ी लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करें, सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। उन्होंने कहा कि विधायक जगत माझी ने क्षेत्र के लोगों से किया अपना वादा निभाते हुए टेन्ड्राउली में हॉकी स्टेडियम के निर्माण की दिशा में पहल की है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि नवनिर्मित स्टेडियम में भविष्य में महिला हॉकी टूर्नामेंट का भी आयोजन कराया जाएगा, ताकि बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिले। मौके पर पश्चिमी सिंहभूम जिला हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष वीर सिंह मुंडा, सचिव जगदीप महाराणा, कोषाध्यक्ष इलियास भेंगरा, मनोहरपुर के उप प्रमुख दीपक एक्का, आयोजन समिति एससीएफसी टेन्ड्राउली के अध्यक्ष मनोहर बुढ़, सचिव सुगड़ डांग, गोल्डन चेरेवा, नेलसन केरकेट्टा, अनिल सुरीन, अर्जुन राउतिया, सलन मानकी, चंद्रमोहन राउतिया, बेंजामिन चेरेवा, अल्बन बरोवा, सुकवान कोनगाड़ी, झामुमो नेता संजीव गंताइत, अजय कच्छप, सूर्य प्रताप सिंहदेव, झामुमो प्रखंड सचिव राजू सिंह, पिंटू जैन समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण मौजूद थे।
