सरायकेला-खरसावां के तीरंदाजों ने लहराया परचम, पुरुष रिकर्व टीम ने जीता स्वर्ण, फाइनल में टाटा आर्चरी एकेडमी को हराकर हासिल किया टीम गोल्ड समीर बेहरा ने व्यक्तिगत स्पर्धा में जीता कांस्य, महिला रिकर्व टीम भी कांस्य पदक की हकदार
kharsawan
17वीं झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 में सरायकेला-खरसावां जिले के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का परचम लहराया है। प्रतियोगिता के रिकर्व वर्ग में जिले की पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। फाइनल मुकाबले में सरायकेला-खरसावां की टीम ने मजबूत प्रतिद्वंद्वी टाटा आर्चरी एकेडमी को हराकर टीम गोल्ड पर कब्जा जमाया। स्वर्ण पदक विजेता टीम में लुकिराम मुंडा, लंकेश्वर पुरान, समीर बेहरा और उदय सरदार शामिल रहे। खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में सटीक निशानेबाजी, आत्मविश्वास और बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया। फाइनल में टाटा आर्चरी एकेडमी को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक जीतना जिले की तीरंदाजी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

समीर बेहरा की दोहरी सफलता
टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही समीर बेहरा ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह समीर ने टीम और व्यक्तिगत दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतकर प्रतियोगिता में दोहरी सफलता दर्ज की।
महिला रिकर्व टीम ने भी जीता कांस्य
महिला वर्ग में भी सरायकेला-खरसावां के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रिकर्व महिला टीम ने साझा रांची की टीम को पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया। कांस्य पदक विजेता टीम में कोयल महतो, गंगी हेम्ब्रम, सुमन गोपे और रुखमणि कैबर्त शामिल रहीं। महिला खिलाड़ियों ने भी बेहतर निशानेबाजी और मजबूत टीम भावना का परिचय दिया।
पुरुष टीम का स्वर्ण, महिला टीम का कांस्य और समीर बेहरा का व्यक्तिगत कांस्य पदक जिले में तीरंदाजी की मजबूत होती पहचान को दर्शाता है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है।
खिलाड़ियों को दी बधाई
जिले के तीरंदाजों की इस उपलब्धि पर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, जिला तीरंदाजी संघ की अध्यक्ष मीरा मुंडा, सचिव सुमंत महंती, जिला खेल पदाधिकारी, तीरंदाजी से जुड़े पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया। सभी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
