खरसावां के मां आकर्षणी परिसर में विश्व पर्यटन दिवस
पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण
और हाथों में झाड़ू लेकर लिया स्वच्छता का संकल्प,
kharsawan
खरसावां के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थल मां आकर्षणी परिसर में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को अधिकारी, जल सहिया, ग्रामीण और स्थानीय लोगों का अलग ही नजारा देखने को मिला। हाथों में झाड़ू लिए लोगों ने परिसर की सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। अभियान के दौरान लोगों ने मां आकर्षणी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में फैले कचरे की सफाई की।

इसके साथ ही वहां आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पर्यटन स्थल को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के जरिए लोगों को यह संदेश दिया गया कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई। इसके बाद सभी ने स्वच्छता की शपथ लेकर स्वयं स्वच्छ रहने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। लोगों से अपील की गई कि मां आकर्षणी परिसर सहित किसी भी पर्यटन स्थल पर कचरा न फेंकें और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। कार्यक्रम में बताया गया कि मां आकर्षणी सरायकेला-खरसावां जिले के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक सौंदर्य से जुड़े इस स्थल की सुंदरता और पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छता अभियान के साथ परिसर में पौधारोपण भी किया गया। लोगों ने पौधे लगाकर उनके नियमित संरक्षण और देखभाल का संकल्प लिया। इस दौरान पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण तथा उनके संरक्षण से जुड़ने की अपील की गई। कार्यक्रम में सॉलिड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट के जिला समन्वयक गौरांग बेरा, जल जीवन मिशन के जिला समन्वयक श्याम चरण प्रामाणिक, खरसावां प्रखंड कोऑर्डिनेटर जियाउल हक, राजनगर प्रखंड कोऑर्डिनेटर समर कुमार झा, मां आकर्षणी विकास समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रभाकर मंडल, आशीष मंडल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
