खरसावां मे भारी बारिश के बीच शुरू हुआ अर्जुना कप जिला फुटबॉल लीग, दीनबंधु क्लब चक्रधरपुर और अर्बन सिटी सीतारामपुर का उद्घाटन मैच 1-1 से ड्रॉ, ऐसा जज्बा गांवों की खेल संस्कृति की पहचान है- अर्जुन मुंडा
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 25वीं जिला फुटबॉल लीग-2026 ‘अर्जुना कप’ का शुभारंभ रविवार को भारी बारिश के बीच उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं उनकी पत्नी डॉ. मीरा मुंडा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद जिस जोश और समर्पण के साथ क्षेत्र के खिलाड़ी मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसा जज्बा गांवों की खेल संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उद्घाटन मुकाबला दीनबंधु क्लब, चक्रधरपुर और अर्बन सिटी, सीतारामपुर (गम्हरिया) के बीच खेला गया। मैच के 21वें मिनट में दीनबंधु क्लब के अमित ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में अर्बन सिटी के अनुज हासदा ने बेहतरीन गोल कर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई और गोल नहीं कर सकीं और मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
दिन का दूसरा मुकाबला सेरेंगदा एफसी और एसएमसी प्रधानगोड़ा के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में एसएमसी प्रधानगोड़ा ने सेरेंगदा एफसी को 2-1 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
उद्घाटन मैच में रघुनाथ महतो, समीर महतो, अनुराग सोय एवं तपन नायक ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही जिले में फुटबॉल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान मुख्य रूप से झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं उनकी पत्नी डॉ. मीरा मुंडा, डीएसए सचिव मो दिलदार, विजय महतो, छऊ गुरु तपन पटनायक आदि उपस्थित थे।
