जिला फुटबॉल लीग : एनएससी बुरुडीह की धमाकेदार जीत, सुमित स्पोर्टिंग सीनी ने रोमांचक मुकाबला जीता
Seraikella
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग-2026 के तहत गुरुवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले मैच में एनएससी बुरुडीह ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए गॉड फादर स्पोर्टिंग खूंटपानी को 6-0 से करारी शिकस्त देकर अपने विजय अभियान की शानदार शुरुआत की। वहीं दूसरे मुकाबले में सुमित स्पोर्टिंग सीनी ने एवरेस्ट क्लब मुंडाटांड को 3-1 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की।

पहले मुकाबले में शुरुआत से ही एनएससी बुरुडीह की टीम पूरी तरह हावी रही। मैच के 14वें मिनट में मंगल सिंह ने पहला गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद 37वें मिनट में डी. सुंडी और 39वें मिनट में प्रकाश पूर्ति ने गोल दागकर पहले हाफ में ही टीम को 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में भी बुरुडीह के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल जारी रखते हुए तीन और गोल दागे और मुकाबला 6-0 से अपने नाम कर लिया।

दूसरा मुकाबला सुमित स्पोर्टिंग सीनी और एवरेस्ट क्लब मुंडाटांड के बीच काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों के बीच एक समय स्कोर 1-1 की बराबरी पर था। लेकिन मैच के अंतिम क्षणों में सुमित स्पोर्टिंग सीनी के स्ट्राइकरों ने लगातार दो गोल कर मुकाबले का रुख बदल दिया और टीम को 3-1 से शानदार जीत दिला दी।
इससे पूर्व पहले मैच का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पिनाकी रंजन, बलराम महतो सहित खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।
10 जुलाई के मुकाबले (अर्जुना स्टेडियम, खरसावां)
दोपहर 2:00 बजे: बीएमसी दोलुडीह बनाम आरएफटीसी खरसावां
अपराह्न 3:30 बजे: एंजेल एफसी सरगीडीह बनाम ग्रीन एरिया डलभंगा
