वायरल गर्ल अंजली हेम्ब्रम के सपनों को मिली नई उड़ान, अब फास्ट फूड कार्ट से बढ़ाएंगी स्वरोजगार
-विधायक जगत माझी ने किया फूड कार्ट का उद्घाटन, लस्सी की दुकान से चर्चा में आई अंजली बनीं महिला सशक्तिकरण की मिसाल
Sonuva
सोनुवा: कभी रोजगार की तलाश में दूसरे प्रदेशों में मजदूरी करने को मजबूर रहीं सोनुवा प्रखंड के दिग्गीलोटा गांव की अंजली हेम्ब्रम आज आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायक पहचान बन चुकी हैं। एकलव्य आवासीय विद्यालय के सामने अपनी लस्सी की दुकान से पहचान बनाने वाली अंजली ने अब अपने व्यवसाय का विस्तार करते हुए फास्ट फूड कार्ट की शुरुआत की है। बुधवार को जिला प्रशासन के सहयोग से अनुदान पर उपलब्ध कराए गए फूड कार्ट का उद्घाटन मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने फीता काटकर किया। अंजली अब अपने नए कार्ट में चाउमीन, मंचूरियन, आलूचोप, चाय, लस्सी सहित विभिन्न फास्ट फूड व्यंजन उपलब्ध कराएंगी। उद्घाटन के बाद विधायक ने अंजली के स्टॉल पर बने व्यंजनों का स्वाद भी लिया और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए उन्हें डस्टबिन भेंट किया। इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने अंजली के जज्बे और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से गांव में रहकर भी आत्मनिर्भर बना जा सकता है। उन्होंने कहा कि अंजली क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विधायक ने महिलाओं से स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान करते हुए कहा, “आप बड़े सपने देखिए, उन सपनों को पंख लगाने का काम हम करेंगे।” अंजली हेम्ब्रम ने अपने इस सफर में सहयोग के लिए विधायक जगत माझी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने युवाओं और महिलाओं से अपील की कि रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने के बजाय अपने गांव में ही स्वरोजगार के नए अवसर तलाशें। उन्होंने कहा कि शुरुआत छोटी हो सकती है, लेकिन मेहनत और लगन से सफलता अवश्य मिलती है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले विधायक जगत माझी सोनुवा से लौटने के दौरान दिग्गीलोटा स्थित अंजली की लस्सी दुकान पर रुके थे। वहां उन्होंने लस्सी का स्वाद लिया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद अंजली की दुकान लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई और दूर-दूर से लोग उनकी लस्सी का स्वाद लेने पहुंचने लगे। बाद में सिंहभूम सांसद जोबा माझी, उपायुक्त मनीष कुमार सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उनकी दुकान पर पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, हेमंत सोरेन, डब्लू बानरा, अजय महाली, किशोर दास, दीपक माझी, अश्विनी महतो, भोला सुंडी, मनसा माझी, संजय जामुदा, रोशन दास, बबलू प्रधान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
