सरायकेला सदर अस्पताल में हंगामा: नगर पंचायत अध्यक्ष पर दुर्व्यवहार का आरोप, डॉक्टरों ने हड़ताल की चेतावनी दी, अभद्रता का आरोप, सिविल सर्जन से की शिकायत
Seraikella
सरायकेला सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज चौधरी और उनके समर्थकों पर दुर्व्यवहार, धमकी और स्वास्थ्य कार्य में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक द्वारा असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावाँ को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा गया है। शिकायत पत्र में कहा गया है कि अध्यक्ष प्रायः बिना किसी ठोस कारण के अपने समर्थकों के साथ अस्पताल परिसर में आकर हो-हल्ला करते हैं। आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों के साथ बदतमीजी, जाति सूचक शब्दों का प्रयोग और कर्मचारियों को नौकरी से निकलवा देने की धमकी दी जाती है, जिससे मरीजों के इलाज में बाधा उत्पन्न होती है और अस्पताल का माहौल भयपूर्ण हो गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि चिकित्सक एवं पारा-मेडिकल स्टाफ इस व्यवहार से भयभीत हैं और यदि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति हुई तो सभी कर्मी नियमित कार्य करने में असमर्थ होंगे और हड़ताल करने को बाध्य होंगे।
अस्पताल प्रबंधन ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उचित कार्रवाई की मांग की है।
