सरायकेला के नुआगुड़ा गांव में वज्रपात का कहर, बच्ची समेत दो की मौत, पांच घायल
Seraikella
सरायकेलाः सरायकेला थाना क्षेत्र के मुड़कुम पंचायत अंतर्गत नुआगुड़ा गांव में रविवार शाम करीब छह बजे हुए वज्रपात में एक नौ वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान रोशनी सोरेन (9 वर्ष) और सोनू सरदार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोशनी सोरेन की मां का श्राद्ध कर्म गांव में चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायलों की संख्या पांच बताई जा रही है, जिनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
