खरसावां के संतारी में जहरीले सांप के डसने से दो
मासूमों की मौत छह घंटे तक नहीं मिला इलाज, रास्ते में एक और
अस्पताल में दूसरे बच्चे ने तोड़ा दम; गांव में पसरा मातम,
Kharsawan
खरसावां प्रखंड के संतारी गांव में मंगलवार की सुबह जहरीले सांप के डसने से दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों की पहचान संतारी निवासी सचिन जोंकों के पुत्र शिवा जोंकों (11) और पुत्री सीमा जोंकों (13) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे दोनों बच्चे घर में सो रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया। बच्चों ने इसकी जानकारी तत्काल परिवार के सदस्यों को दी और बताया कि उन्हें सांप ने काटा है। परिजनों ने सांप को भी मार दिया। इसके बावजूद दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय करीब छह घंटे तक घर पर ही रखा गया।

ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे तक दोनों बच्चे घर पर ही रहे। इलाज में हुई देरी के कारण उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई। करीब 11 बजे आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीणों के प्रयास से दोनों बच्चों को इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही शिवा जोंकों की मौत हो गई, जबकि सीमा जोंकों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद संतारी गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि सांप के काटने की घटना को कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए। ऐसी स्थिति में घरेलू उपचार या किसी तरह की देरी करने के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए। समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से गंभीर स्थिति में भी जान बचाने की संभावना रहती है। ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने की घटना में घबराने के बजाय बिना समय गंवाए तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें, ताकि समय पर उपचार शुरू हो सके।
