अंबेडकर जयंती पर बाबासाहेब को दी गई श्रद्धांजलि
Seraikella
सरायकेला। भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने उनकी प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बाबासाहेब के विचारों और उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें देश के संविधान शिल्पी एवं वंचितों के सच्चे नायक बताया।
श्री चौधरी ने कहा कि बाबासाहेब ने संविधान के माध्यम से देश के सभी नागरिकों को समानता, न्याय और एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज के हर वर्ग के लिए मार्गदर्शक हैं और एक बेहतर, समतामूलक समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बाबासाहेब के आदर्श हमें जनकल्याण, सामाजिक न्याय और सभी के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उनके द्वारा निर्मित संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है, जो हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करता है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी लोगों से बाबासाहेब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में समानता, भाईचारा और एकता को और मजबूत करने का आह्वान किया।
