खरसावां में एसआईआर-2026 पर नोटिस वितरण और सत्यापन
की प्रगति की हुई समीक्षा, घर-घर जाकर नोटिस वितरित करेंगे बीएलओ
पात्र नए मतदाताओं का नाम जोड़ने में तेजी लाने का निर्देश,
kharsawan
खरसावां प्रखंड मुख्यालय के सभागार में अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू की अध्यक्षता में एसआईआर-2026 के तहत संचालित निर्वाचन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोटिस वितरण, सुनवाई एवं सत्यापन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में सुपरवाइजर, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं निर्वाचन कार्यों से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अंचल अधिकारी ने प्रखंड में एसआईआर-2026 के तहत अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। इसमें जारी किए गए नोटिसों की संख्या, मतदाताओं तक वितरित नोटिस और संपन्न हो चुकी सुनवाई की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया के सभी चरणों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
नोटिस नहीं मिलने वाले परिवारों तक पहुंचेंगे बीएलओ
सीओ कप्तान सिंकू ने निर्देश दिया कि जिन परिवारों तक अब तक नोटिस नहीं पहुंचा है, वहां संबंधित बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस का वितरण सुनिश्चित करें। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने तथा ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन करने का निर्देश भी दिया गया। उन्होंने कहा कि नोटिस वितरण और सत्यापन के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें।
फॉर्म-6 से नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करें
बैठक में पात्र नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। सीओ ने बीएलओ को घर-घर भ्रमण और सत्यापन के दौरान मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों की पहचान करने तथा नियमानुसार फॉर्म-6 भरवाने का निर्देश दिया। साथ ही, पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने और आवेदन भरने में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने निर्वाचन कार्यों से जुड़े सभी कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक काम करने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में बीएलओ, सुपरवाइजर सहित निर्वाचन कार्यों से संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।
