बड़ाबाम्बो प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षकों की
कमी, 736 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित, 22 स्वीकृत पदों में 12 शिक्षक पदस्थापित, पांच शिक्षक-शिक्षिकाएं दूसरे विद्यालयों में प्रतिनियोजित,
kharsawan
खरसावां प्रखंड के बड़ाबाम्बो स्थित प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षकों की कमी के कारण 736 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय में शिक्षकों के कुल 22 स्वीकृत पद हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 12 शिक्षक ही पदस्थापित हैं। इनमें से भी पांच शिक्षक-शिक्षिकाओं के विभिन्न विद्यालयों में प्रतिनियोजन के कारण विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। विद्यार्थियों की शिकायत पर पूर्व मुखिया मांगीलाल पूर्ति, कांग्रेस सरायकेला-खरसावां ओबीसी जिला अध्यक्ष जगबंधु महतो, समाजसेवी डॉ. अशोक कुमार महतो, बिस्किसन महतो, अभिमन्यु नायक, जयद्रत नायक, बीरसिंह बोदरा एवं कांग्रेस प्रखंड महासचिव निरंजन दास ने विद्यालय पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। बताया गया कि विद्यालय में पदस्थापित शिक्षकों में से सुजाता सिंह को बोकारो कस्तूरबा विद्यालय, काजल कुमार झा को गम्हरिया कस्तूरबा विद्यालय तथा रंजीत कुमार पुथाल को उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय ईचाडीह, कुकड़ू में प्रतिनियोजित किया गया है। वहीं आशीष कुमार प्रमाणिक को तीन दिनों के लिए मॉडल स्कूल खरसावां तथा अरुण कुमार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय मेरोमजंगा, कुचाई में प्रतिनियोजित किए जाने की जानकारी दी गई। इसके अलावा विद्यालय में अर्थशास्त्र, हिंदी एवं संस्कृत विषय के शिक्षक के पद रिक्त बताए गए हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को संबंधित विषयों की पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों और विद्यार्थियों का कहना है कि शिक्षकों की कमी का सीधा असर उनकी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर पड़ रहा है। विद्यालय की स्थिति की जानकारी लेने पहुंचे लोगों ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए शिक्षकों की कमी और प्रतिनियोजन का मामला शिक्षा विभाग के उच्च पदाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही प्रतिनियोजित शिक्षकों को उनके मूल विद्यालय में वापस लाने तथा रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की जाएगी।
विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी सौंपा ज्ञापन
इस दौरान प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय बड़ाबाम्बो खरसावां के संचालक रजनीकांत ने पूर्व मुखिया मांगीलाल पूर्ति, कांग्रेस ओबीसी जिला अध्यक्ष जगबंधु महतो समेत अन्य लोगों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विद्यालय में नल एवं पेयजल व्यवस्था की मरम्मत, शौचालय की मरम्मत तथा विद्यालय भवन की आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की गई है। यह मांग खूंटी लोकसभा सांसद कालीचरण मुंडा के समक्ष रखने की बात कही गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों वाले विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके।
August 26, 2026 10: 59 am
Breaking
- खामारडीह ने प्रधानगोड़ा को 1-0 से हराया, हाथीटांड़ बना जिला फुटबॉल सुपर लीग चैंपियन,
- जगन्नाथपुर में 7 दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव सह जन्माष्टमी पूजा 4 सितंबर से,तैयारियां अंतिम चरण में
- खरसावां थाना कांड में प्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
- बड़ाबाम्बो प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षकों की कमी, 736 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित, 22 स्वीकृत पदों में 12 शिक्षक पदस्थापित, पांच शिक्षक-शिक्षिकाएं दूसरे विद्यालयों में प्रतिनियोजित,
- परिसीमन के विरोध में 30 को रांची में विशाल आंदोलन, कुचाई में तैयारी बैठक, यह लड़ाई समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के अस्तित्व और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का है मुद्दा,
- खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में आयुष का मासिक स्वास्थ्य शिविर, 25 प्रशिक्षुओं की हुई स्वास्थ्य जांच
- ईद-ए-मिलाद उन-नबी को लेकर जुलूस मार्ग का थाना प्रभारी ने किया भौतिक सत्यापन
- समाहरणालय सभागार में उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की…* *सभी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता — योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के निर्देश…*
