खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के नारों से गूंजा मॉडल स्कूल खरसावां, तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस संपन्न
kharsawan
खरसावां प्रखंड अंतर्गत बुरुडीह स्थित मॉडल स्कूल, खरसावां में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का रविवार को हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ। इस दौरान विद्यालय परिसर ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, अनुशासन और भारतीय खेल संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करना रहा। समारोह के पहले दिन विद्यार्थियों के बीच 29 चैलेंज, पुशअप, स्किपिंग, प्लैंक चैलेंज, पास द बॉल और स्पोर्ट्स बंधन जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा ‘खेल से स्वास्थ्य’ विषय पर स्लोगन लेखन एवं निबंध प्रतियोगिता हुई। सांकेतिक एवं पारंपरिक खेल प्रदर्शन के तहत योग, पीटी, मार्शल आर्ट, रस्साकसी और तीरंदाजी जैसी गतिविधियों का भी प्रदर्शन किया गया।

दूसरे दिन हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन एवं खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने ‘स्वास्थ्य एवं खेल’ तथा ‘खेल एवं जीवन में अनुशासन’ विषय पर अपने विचार रखे। इसके बाद खेल शपथ ग्रहण और मार्च पास्ट का भव्य प्रदर्शन हुआ। विभिन्न प्रतियोगिताओं में कक्षा 6 से 8 के बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अनम खातून प्रथम, निकिता गोप द्वितीय और संजनी डिग्गी तृतीय रहीं। 200 मीटर दौड़ में नेहा कुमारी प्रथम, सुमित्रा महतो द्वितीय और लवली मोदक तृतीय रहीं। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कैलाश पूर्ति प्रथम, करण गागराई द्वितीय और आर्यन पाड़ेया तृतीय रहे।
कक्षा 9 से 12 के बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में निशा रानी महतो ने प्रथम, सोनाली हेंब्रम ने द्वितीय और डोली हेंब्रम ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में महेंद्र साहू प्रथम, शिवा सुरेन द्वितीय और राजेश सुंडी तृतीय रहे। 800 मीटर दौड़ में सुमित महतो प्रथम, शिवा सुरेन द्वितीय और महेंद्र साहू तृतीय रहे।
बालिका कबड्डी में सोनिया एंड ग्रुप प्रथम तथा लक्खी एंड ग्रुप द्वितीय रहा। फुटबॉल में सोनिया एंड ग्रुप ने प्रथम और सोनाली एंड ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल में बादल एंड ग्रुप प्रथम तथा धवलेश्वर एंड ग्रुप द्वितीय रहा। इसके अलावा कबड्डी, बैडमिंटन समेत अन्य खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। छात्र-शिक्षक मैत्री मैच के तहत रस्साकसी, क्रिकेट, फुटबॉल और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। प्रतियोगिताओं के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित कर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। तीसरे दिन रविवार को ‘संडेज ऑन साइकिल’ विषय पर स्वास्थ्य केंद्रित रैली निकाली गई। वहीं, भारत द्वारा ब्रिक्स की अध्यक्षता ग्रहण किए जाने के संदर्भ में भारतीय खेल संस्कृति को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विशेष दौड़ का आयोजन किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और खेल भावना देखने को मिली। समापन अवसर पर विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा खेल के माध्यम से स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान खेल समारोह के सफल संचालन में प्रभारी डॉ. शशिबाला बागे, नोडल शिक्षक सतीश सेन प्रधान, शिक्षक जीडी महंत, विकास चंद्र महतो, प्रभात कुमार महतो, बासंती महतो, प्रियतम सिंह, पुष्पा देवी, सुनीता देवी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
