सरायकेला में झारखंड राज्य राजपत्रित कर्मचारी महासंघ का तृतीय जिला सम्मेलन संपन्न, कर्मचारियों से जनहित में संवेदनशीलता से कार्य करने का आह्वान
Seraikella
सरायकेला: झारखंड राज्य राजपत्रित कर्मचारी महासंघ का तृतीय जिला स्तरीय सम्मेलन रविवार को सरायकेला टाउन हॉल में आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों के अलावा अन्य जिलों से भी महासंघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी कर्मचारी शासन-प्रशासन की रीढ़ हैं। उन्होंने कर्मचारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील, पारदर्शी और जिम्मेदार ढंग से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं, सेवा संबंधी मुद्दों और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। महासंघ के वरिष्ठ नेता रामाधार शर्मा ने कर्मचारियों से संगठित रहने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा संगठन की एकता को और मजबूत करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संगठन को और सशक्त बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान महासंघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संगठन की सक्रिय भूमिका जारी रखने की बात कही।
