जंगल के प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल यहां रहने वाले ही करेंगे : जगत माझी
-मनोहरपुर में 77वें वन महोत्सव में शामिल हुए विधायक, ग्रामीणों के बीच उपयोगी सामग्रियों का हुआ वितरण
Manoharpur
मनोहरपुर: सारंडा वन प्रमंडल के तत्वावधान में सोमवार को मनोहरपुर प्रखंड के साइडिंग में 77वें वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधायक जगत माझी शामिल हुए। उनके साथ सारंडा वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) अभिरुप सिन्हा, आईएफएस अनुराधा मिश्रा, बीडीओ शक्ति कुंज, डीएसपी डेविड ए डोडराय, रेंजर रामनंदन राम, परमानंद रजक, मुखिया अशोक बांदा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य केवल पेड़ लगाना ही नहीं, बल्कि जंगलों और वहां रहने वाले लोगों के जीवन की रक्षा करना भी है।

उन्होंने कहा कि सारंडा जैसे वन क्षेत्रों के प्राकृतिक संसाधनों का लाभ सबसे पहले यहां रहने वाले लोगों को मिलना चाहिए। जंगल के संसाधनों का इस्तेमाल भी स्थानीय लोगों की आजीविका और विकास के लिए होना चाहिए। विधायक ने अपने कर्नाटक और तमिलनाडु के दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के लोग वन संरक्षण के साथ-साथ जंगल आधारित संसाधनों से अपनी आजीविका भी चला रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से अपील की कि सारंडा क्षेत्र में भी ऐसी योजनाएं शुरू की जाएं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों की आय बढ़े और उनका जीवन स्तर बेहतर हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सारंडा क्षेत्र के विकास और यहां के लोगों की आजीविका के लिए सरकार से योजनाएं एवं आवश्यक फंड उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। सारंडा डीएफओ अभिरुप सिन्हा ने कहा कि वन महोत्सव का मुख्य उद्देश्य वनरोपण और वन संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वन संपदा को आजीविका का मजबूत माध्यम बनाया जा सकता है। इसके लिए ग्रामीणों से करंज, महुआ सहित अन्य उपयोगी पौधों का अधिक से अधिक रोपण करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान सारंडा क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच चावल रखने के लिए ड्रम, महुआ संग्रहण के लिए महुआ नेट, उन्नत चूल्हा, ग्रीन बिन सहित अन्य उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया गया। इससे पूर्व कार्यक्रम में पहुंचे विधायक एवं अन्य अतिथियों का स्कूली छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। मौके पर विधायक, डीएफओ, रेंजर आदि ने पौधरोपण किया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
