कुचाई के सुदूरवर्ती क्षेत्र गिलूवा का विधायक ने किया भ्रमण,
ग्रामीणों से किया सीधा संवाद और मूलभूत समस्याए से हूए रू-ब-रू,
कुचाई क्षेत्र के विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं-गागराई,
kuchai
खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती पहाड़ी इलाके में स्थित गिलूवा गांव का भ्रमण कर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गांव और टोला स्तर पर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी मूलभूत समस्याओं से रू-ब-रू हुए। भ्रमण के क्रम में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।

गिलूवा गांव में नदी पर पुल एवं स्कूल भवन निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। वहीं सिकराम्बा टोला (सोड़ा, रुगड़ी), डागिल तथा जोम्बरो टोला (गंडीकादा, नाडकाबुर) में सड़क के साथ पुल निर्माण की आवश्यकता पर ग्रामीणों ने जोर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क और पुल के अभाव में आवागमन में भारी कठिनाई होती है, खासकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। बच्चों की शिक्षा तथा बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द से जल्द समाधान की दिशा में पहल की जाएगी। श्री गागराई ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं और ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। उन्होने कहा कि राज्य सरकार गरीब परिवार को मुख्यधारा में लाने का प्रयास कर रही है।

जिस व्यक्ति के पास अपना मकान नहीं है उसके सपने को साकार करने के लिए आबुआ आवास योजना लाया गया है। हमारी सरकार का उद्देश्य है कि हर सिर को छत मिले और प्रदेश के अंतिम व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। ग्रामीणों की समस्या को दूर करना ही मेरी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में झारखंड राज्य सहित खरसावां विधानसभा क्षेत्र का विकास की गति रफ्तार में पकड लिया है। उन्होंने कहा कि गांव में विकास की गंगा बहेगी। वही लोगों को सभी योजनाओं की जानकारी अवश्य देने की अपील की गई। ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को मिल सके। इस दौरान मुख्य रूप से समाजसेवी बांसती गागराई, मुखिया करम सिंह मुंडा, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, मुन्ना सोय, राहुल सोय, भरत सिंह मुंडा आदि ग्रामीण उपस्थित थे।
