खरसावां मे वृहद झारखण्ड मोर्चा का संगठन विस्तार
तेज, भरत सिंह गागराई बने केंद्रीय महासचिव, जल्द बनेगी
नई झारखण्ड नामधारी राजनीतिक पाटी-बिरसा सोय,
kharsawan
खरसावां पथ निरीक्षण भवन में वृहद झारखण्ड मोर्चा (वीजेएम) की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को केंद्रीय अध्यक्ष बिरसा सोय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी रणनीति तथा झारखण्ड से जुडे जनहित और सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई नए पदाधिकारियों का मनोनयन भी किया गया।

बैठक में अभय सिंह जामुदा को केंद्रीय उपाध्यक्ष, भरत सिंह गागराई को केंद्रीय महासचिव, चूडी पुरती को केंद्रीय संगठन सचिव, दुर्गा चरण पुरती को केंद्रीय सचिव, गोंडो पुरती को केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य तथा सावन बारला को पश्चिमी सिंहभूम किसान एवं मजदूर मोर्चा का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। केंद्रीय अध्यक्ष बिरसा सोय ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और झारखण्ड के हितों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। मौके पर श्री सोय ने कहा कि वृहद झारखण्ड मोर्चा पूरे राज्य में तेजी से संगठन का विस्तार करेगा। उन्होंने बताया कि सभी जिलों, प्रखंडों और पंचायत स्तर तक संगठन की समितियों का गठन जल्द किया जाएगा, ताकि सामाजिक न्याय, जन-अधिकार और झारखण्डी अस्मिता की लडाई को और मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वृहद झारखण्ड मोर्चा के संरक्षण में जल्द ही एक नए झारखण्ड नामधारी राजनीतिक दल का गठन किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज भारत निर्वाचन आयोग को शीघ्र सौंपे जाएंगे। पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोल्हान की धरती से नई राजनीतिक पार्टी की औपचारिक घोषणा की जाएगी। श्री सोय ने आरोप लगाया कि झारखण्ड गठन के 26 वर्ष बाद भी आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर और बेरोजगार युवाओं को अपेक्षित विकास का लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि रोजगार की कमी के कारण बडी संख्या में युवाओं को पलायन करना पड रहा है। साथ ही स्थानीय नीति, विस्थापन नीति और नियोजन नीति के प्रभावी क्रियान्वयन नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे आदिवासी और मूलवासी समुदायों को अपने अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करना पड रहा है। बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने, जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने तथा झारखण्ड के समग्र विकास, सामाजिक न्याय और स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में अभय सिंह जामुदा, भरत सिंह गागराई, चूडी पुरती, दुर्गा चरण पुरती, सावन बारला, गोंडो पुरती, गुलाब सिंह सोय सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
