विश्व आदिवासी दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने की तैयारियों की समीक्षा…*
*जिला एवं प्रखंड स्तर पर विविध कार्यक्रमों के आयोजन, सोशल मीडिया अभियान एवं व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश…*
Seraikella
सरायकेला-खरसावाँ जिले में 09 अगस्त को आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी दिवस-2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वगियारी (भा.पु.से.), अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, परियोजना निदेशक, आईटीडीए सह जिला कल्याण पदाधिकारी श्रीमती उषा मुंडू, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, नगर आयुक्त (आदित्यर) श्री एजाज अनवर, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल श्री नितिन शिवम गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, DPM JSLPS सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों एवं कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिला एवं प्रखंड स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध ढंग से कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय कलाकारों की सहभागिता से जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने, स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्राफ्ट एग्जीबिशन, स्थानीय व्यंजनों पर आधारित फूड फेस्टिवल तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जन जागरूकता शिविर (Public Awareness Camp) आयोजित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, जनजातीय संस्कृति एवं विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कराया जाए। उन्होंने जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड मुख्यालयों के साथ-साथ प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट स्थापित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सोशल मीडिया अभियान संचालित करते हुए कार्यक्रमों से संबंधित गतिविधियों का नियमित प्रचार-प्रसार किया जाए तथा अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि यह दिवस जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से कार्यक्रमों में सहभागिता कर जिले की समृद्ध जनजातीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में अपना योगदान देने का आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वगियारी (भा.पु.से.) ने विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन हेतु आवश्यक सुरक्षा प्रबंध समयपूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, प्रभावी यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा विधि-व्यवस्था संधारण के लिए समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया।
