कुचाई के जोम्बरो क्षेत्र का एसएसबी कमांडेंट का दौरा,
ग्रामीणों के सुझाव पर होगी हॉकी प्रतियोगिता, खेल संस्कृति को
बढ़ावा देना, युवाओं को सकारात्मक दिशा देना उदेश्य,
Kuchai
26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल अनगड़ा (रांची) के कमांडेंट शाश्वत कुमार (आईपीएस) ने गुरुवार को सरायकेला खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड अंतर्गत जोम्बरो ‘ए’ कंपनी क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

दौरे के क्रम में कमांडेंट ने क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों से भी मुलाकात की। विशेष रूप से हॉकी खेल के प्रति युवाओं के उत्साह, प्रतिभा और संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सुझाव दिया कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों के बीच एक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाए, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिल सके। ग्रामीणों और खिलाड़ियों के सुझाव को गंभीरता से लेते हुए कमांडेंट शाश्वत कुमार ने निकट भविष्य में हॉकी प्रतियोगिता आयोजित कराने की घोषणा की। प्रस्तावित प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की टीमें भाग लेंगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को सकारात्मक दिशा देना तथा खेल के माध्यम से उनके उज्ज्वल भविष्य को संवारना है। साथ ही, ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी सहयोग, सद्भाव और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
