एसआईआर कार्यक्रम के तहत एसडीओ ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
Seraikella
सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश ने शुक्रवार को राजनगर प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर चल रहे डोर-टू-डोर सत्यापन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा कार्यरत बीएलओ एवं अन्य कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता और सावधानी के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो तथा अपात्र नामों का नियमानुसार सत्यापन किया जाए। उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का सत्यापन करने वाले कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
एसडीओ ने कहा कि निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए सभी कर्मी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
