15 नवंबर तक स्टेडियम में बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने का संकल्प, वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम बचाओ उलगुलान’ की समीक्षा बैठक, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
Seraikella
सरायकेला। ‘वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम बचाओ उलगुलान’ की समीक्षा बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन के दौरान उठाए गए मुद्दों, आदिवासी एवं मूलवासी समाज की एकजुटता तथा आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर सरायकेला स्थित वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि 15 नवंबर 2026 को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती सह झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर स्टेडियम परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए। इसके साथ ही स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थायी रूप से ‘धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला’ नाम अंकित करने की मांग की गई है।
उद्यान के नाम का भी स्थायी अंकन करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने नृपराज राजकीय +2 उच्च विद्यालय, सरायकेला के सामने स्थित धरती आबा बिरसा मुंडा उद्यान के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी ‘धरती आबा बिरसा मुंडा उद्यान’ नाम स्पष्ट एवं स्थायी रूप से अंकित कराने की मांग की।
बैठक में कहा गया कि पूर्व में स्टेडियम परिसर में पद्म विभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। इसके बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों ने ‘वीर बिरसा मुंडा स्टेडियम बचाओ उलगुलान’ के बैनर तले आंदोलन किया था। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया था कि किसी महापुरुष के सम्मान का विरोध उद्देश्य नहीं था, बल्कि भगवान बिरसा मुंडा के नाम से स्थापित स्टेडियम की पहचान और ऐतिहासिक महत्व को सुरक्षित रखना मुख्य उद्देश्य था। संबंधित निर्णय वापस लेने की घोषणा के बाद आंदोलन समाप्त किया गया था।
प्रशासन नहीं तो समाज करेगा प्रतिमा की व्यवस्था
बैठक में प्रतिनिधियों ने 15 नवंबर तक स्टेडियम परिसर में बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित कराने का संकल्प लिया। कहा गया कि यदि जिला प्रशासन निर्धारित तिथि तक प्रतिमा स्थापित नहीं कराता है, तो समाज के लोग आपसी सहयोग से चंदा एकत्र कर प्रतिमा की व्यवस्था एवं स्थापना की पहल करेंगे।
प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से 15 नवंबर से पूर्व आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया, ताकि झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर स्टेडियम परिसर में धरती आबा की प्रतिमा स्थापित की जा सके। बैठक में मान सिंह मुंडा, सावन सोय, सावित्री कुदादा, दिवाकर सरदार, एमपी सरदार, विष्णु बनरा, गणेश गागराई, रंजीत सरदार, जगदीश सरदार, सनत सरदार, वीर सिंह सिजुई, साधु हो, सुखराम सोय, झारखंड बोदरा, रवि सरदार, चुनमुन सरदार, कार्तिक सरदार, सुखनाथ लोहरा समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रतिनिधि मौजूद थे।
