बारिश का कहर: खरसावां के विषेईगोडा में मिट्टी का मकान ढहा, रसोई में खाना बना रही महिला बाल-बाल बची
Kharsawan
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने खरसावां क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे खरसावां थाना क्षेत्र के विषेईगोडा गांव में बारिश के कारण एक मिट्टी का मकान आंशिक रूप से ढह गया। हादसे के समय रसोई में खाना बना रही महिला सुजाता मंडल बाल-बाल बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विषेईगोडा निवासी मणिकर मंडल के घर की रसोई की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से घर की खपरे की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पानी फिल्टर, गैस चूल्हा, खाना बनाने के बर्तन, पंखा तथा चावल, आटा समेत अन्य राशन सामग्री नष्ट हो गई।
परिवार ने इस घटना में करीब 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। मणिकर मंडल ने बताया कि वे अंचल पदाधिकारी एवं संबंधित मुखिया को आवेदन देकर आपदा राहत विभाग से मुआवजा की मांग करेंगे। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई ग्रामीण इलाकों में मिट्टी के मकानों को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों में लगातार हो रही बारिश को लेकर चिंता माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों का सर्वे कर शीघ्र राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
