खरसावां के डंगलटांड में लक्ष्मी पूजा की तैयारी, 26 अक्टूबर को चुमकी रानी के झुमर का रंग, 1984 से हो रही लक्ष्मी पूजा, ग्रामीणों ने बैठक कर तैयारियों पर की चर्चा,
Kharsawan
खरसावां प्रखंड के डंगलटांड गांव में आगामी लक्ष्मी पूजा को लेकर बुधवार को ग्रामीणों एवं पूजा समिति के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा के आयोजन को भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ पूजा मनाने का निर्णय लिया। बैठक में लक्ष्मी पूजा के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 26 अक्टूबर की रात पुरुलिया की प्रसिद्ध झुमर गायिका चुमकी रानी की झुमर प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। चुमकी रानी के कार्यक्रम की घोषणा से ग्रामीणों में खासा उत्साह है। आयोजकों के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रम में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
ग्रामीणों ने बताया कि डंगलटांड में वर्ष 1984 से लक्ष्मी पूजा भक्ति और श्रद्धा के साथ आयोजित की जा रही है। हर वर्ष पूजा में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रहती है। इस वर्ष भी परंपरा को कायम रखते हुए पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बैठक में पूजा स्थल की साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, श्रद्धालुओं की सुविधा, पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। वहीं झुमर कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक तैयारियों पर विचार किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि पूजा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पहले से ही अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। पूजा समिति ने ग्रामीणों से लक्ष्मी पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जल्द शुरू की जाएंगी।
