कुचाई में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक, भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील,
Kuchai
कुचाई थाना परिसर में बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुचाई थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा ने की। बैठक में कुचाई के गणमान्य लोग, समाजसेवी एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा ने कहा कि बकरीद का त्योहार भाईचारे, शांति और आपसी सौहार्द का संदेश देता है।

सभी समुदाय के लोग सावधानी और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं जिससे त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो सके। बैठक में विशेष रूप से यह निर्देश दिया गया कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी किसी भी स्थिति में नहीं दी जाएगी तथा खुले स्थानों पर कुर्बानी नहीं की जाएगी। साफ-सफाई बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की गई। उन्होंने ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। श्री मुंडा ने कहा कि कुचाई हमेशा से शांति और भाईचारे की मिसाल रहा है। यहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर हर त्योहार मनाते हैं और इस परंपरा को आगे भी बनाए रखा जाएगा। इस बैठक में मुख्य रूप से कुचाई थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा, जिला परिषद सदस्य झिगी हेम्बम, एस आई शामंत दास, वेधनाथ महतो, लुबूराम सोय, सत्येंद्र कुम्हार, सत्येंद्र सिंह मुंडा आदि उपस्थित थे।
