*राजनगर प्रखंड अंतर्गत कुमडीह गांव में पेपर प्लेट निर्माण इकाई का हुआ शुभारंभ, एसएचजी महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित…*
Seraikella
सरायकेला-खरसावाँ, 17 जून 2026 : जिला के राजनगर प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुमडीह में आज नाबार्ड के लाइवलीहुड एंड एंटरप्राइज डेवलपमेंट प्रोग्राम (LEDP) के तहत दो पेपर प्लेट निर्माण मशीनों का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह 100 प्रतिशत अनुदान आधारित परियोजना झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (JTDS), डीपीएमयू सरायकेला-खरसावाँ द्वारा संचालित की जा रही है।

उद्घाटन समारोह में झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी के राज्य परियोजना निदेशक श्री विजय सिंह बिरूवा, नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक श्रीमती चंदना मिश्रा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधिगण, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इस अवसर पर राज्य परियोजना निदेशक श्री बिरूवा ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इस प्रकार के उद्यम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक श्रीमती मिश्रा ने महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, उद्यम प्रबंधन तथा बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने स्थानीय स्तर पर विपणन एवं उद्यम संवर्धन में सहयोग का आश्वासन दिया।
परियोजना के अंतर्गत आयोजित आवासीय प्रशिक्षण के उपरांत स्थापित इन मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पेपर प्लेट एवं दोना का उत्पादन किया जाएगा, जिससे लगभग 150 महिलाओं को प्रत्यक्ष रोजगार एवं आजीविका के अवसर प्राप्त होंगे। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए शीघ्र ही 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
यह पहल ग्रामीण महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने तथा “वोकल फॉर लोकल” की अवधारणा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम का आयोजन झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (JTDS), डीपीएमयू सरायकेला-खरसावाँ द्वारा किया गया। इस अवसर पर डीपीएम श्री नीरज नयन सहित डीपीएमयू के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
