सड़क पर उतरे अधिकारी और जनप्रतिनिधि 22 दिवसीय संघन सफाई अभियान का भव्य शुभारंभ
Seraikella
सरायकेला नगर पंचायत, सरायकेला द्वारा नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 22 दिवसीय विशेष संघन सफाई अभियान का शुभारंभ मंगलवार को वार्ड संख्या-1 स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम रोड से किया गया। इस अभियान का संयुक्त रूप से शुभारंभ माननीय अनुमंडल पदाधिकारी श्री अभिनव प्रकाश एवं माननीय नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी द्वारा किया गया।

यह विशेष अभियान नगर पंचायत की प्रथम बोर्ड बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के आलोक में प्रारंभ किया गया है। अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में दो-दो दिनों तक विशेष सफाई कार्यक्रम आयोजित कर नालियों की सफाई, कचरा निष्पादन, सड़क किनारे जमी मिट्टी हटाने, झाड़ियों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर माननीय वार्ड पार्षद श्री उत्तम महंती, माननीय वार्ड पार्षद श्रीमती सुषमा तियु, माननीय वार्ड पार्षद श्री गौतम नायक, माननीय वार्ड पार्षद श्री विक्रम मोदक, श्रीमति शांति गोड़सेरा नगर प्रबंधक श्री सुमित सुमन, एमएसडब्ल्यू कर्मी, नगर पंचायत के सुपरवाइजर सहित बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला सफाई कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने नगर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता एवं जनसहयोग का संकल्प लिया।
इस अवसर पर माननीय अनुमंडल पदाधिकारी श्री अभिनव प्रकाश ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी एवं जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर डालें तथा नगर पंचायत द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क पर कचरा फेंकने एवं दुकान के बाहर डस्टबिन नहीं रखने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई एवं जुर्माना भी लगाया जाएगा।
वहीं माननीय नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि वर्तमान बोर्ड सरायकेला को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित नगर बनाने के लिए पूर्ण रूप से कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना, नियमित कचरा निष्पादन सुनिश्चित करना एवं नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित एक व्यापक जनआंदोलन है, जिसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों, मोहल्लों एवं बाजार क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा नगर पंचायत के सफाई कर्मियों का सम्मान एवं सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी एवं नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
जानकारी के अनुसार यह 22 दिवसीय विशेष संघन सफाई अभियान दिनांक 12 मई 2026 से 6 जून 2026 तक संचालित होगा। प्रत्येक वार्ड में संबंधित माननीय वार्ड पार्षदों के नेतृत्व में विशेष सफाई कार्यक्रम आयोजित कर नगर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से “स्वच्छ सरायकेला — सुंदर सरायकेला” का संकल्प दोहराया।
