नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता: बालक वर्ग में कुचाई का दबदबा, बालिका वर्ग में सरायकेला बनी चैंपियन
Seraikella
खरसावां। जिला स्तरीय जवाहर लाल नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता में इस बार बालक वर्ग में कुचाई की टीमों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जबकि बालिका वर्ग का खिताब सरायकेला ने अपने नाम किया।
अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में एसएस +2 हाई स्कूल दलभंगा (कुचाई) ने एसटीआर संजय, सीनी (सरायकेला) को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल में मध्य विद्यालय सोनापेट ने एसटीआर संजय को 3-0 से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस तरह बालकों के दोनों वर्गों में कुचाई का दबदबा कायम रहा।

अंडर-17 बालक वर्ग में नेताजी सुभाष चंद्र बोस विद्यालय, खरसावां की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सरायकेला ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, राजनगर को 1-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय तीतरबिला, सरायकेला ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में रेफरी की जिम्मेदारी पोलुस नाग, रोहित उरांव, सोहराय मुंडा एवं छोटी तिरिया ने निभाई।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन एपीओ प्रमोद कुमार, एडीपीओ अलका लकड़ा, जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष मोहम्मद दिलदार, सचिव सिकंदर महतो, जिला तीरंदाजी संघ के सचिव अमित कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
