खरसावां के चिलकू में देर रात तक गूंजे सुर, मेलोडी कार्यक्रम में झूमे ग्रामीण, गणेश पूजा समिति ने कराया रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, हिंदी-ओड़िया बांग्ला व झूमर गीतों ने बांधा समां
kharsawan
खरसावां प्रखंड अंतर्गत चिलकू गांव के नीचा टोला में श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति की ओर से रंगारंग मेलोडी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जमशेदपुर की मां भवानी मेलडी सॉन्ग टीम की प्रस्तुति ने देर रात तक ग्रामीणों को बांधे रखा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर गीत-संगीत का आनंद लिया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन चिलकू ग्राम प्रधान हर मोहन महतो, वार्ड सदस्य शंभूनाथ मंडल एवं पूजा समिति के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इसके बाद कलाकारों ने गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की। पश्चिम बंगाल से पहुंचे सारेगामापा की कलाकार रितिका समेत अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मेलोडी कार्यक्रम में कलाकारों ने हिंदी, ओड़िया, बांग्ला, झूमर और भोजपुरी गीतों की प्रस्तुति दी। अलग-अलग भाषाओं के लोकप्रिय गीतों पर देर रात तक दर्शक झूमते रहे। कार्यक्रम रात करीब 10 बजे शुरू हुआ, जो देर रात दो बजे तक चला। इस दौरान पूरे नीचा टोला में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में मां भवानी मेलडी के डायरेक्टर माधव चंद्र साहू सहित सचिन नवकुमार मंडल, प्रशांत मंडल, आदित्य कुमार मंडल, अशोक मंडल, हेमंत मंडल, सुशांत मंडल, रामशंकर मंडल, भूपेंद्र मंडल, मानस कुमार मंडल, अनंत कुमार मंडल, चंद्रशेखर मंडल, प्रकाश मंडल, जितेंद्र मंडल, प्रताप पांडा, मृत्युंजय सिंह, देव कुंज बिहारी पांडा, शैलेश महतो समेत पूजा समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
