देवस्थान पूर्णिमा पर भगवान जगन्नाथ का साही स्नान संपन्न
Seraikella
सरायकेला। देवस्थान पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री जगन्नाथ सेवा समिति के तत्वावधान में लगभग 300 वर्ष से अधिक पुरानी धार्मिक परंपरा का निर्वहन श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ, उनके अग्रज बलभद्र एवं बहन सुभद्रा का पारंपरिक साही स्नान संपन्न कराया गया।
परंपरा के अनुसार नगर के सात जलाशयों से एकत्रित पवित्र जल से भगवानों का महाअभिषेक किया गया। साही स्नान के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। अनुष्ठान में पुजारी सानू आचार्य, पुजारी ब्रह्मदेव महापात्र एवं सुमित महापात्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
स्नान अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं शाम के समय मंदिर परिसर में भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम को सफल बनाने में सेवा समिति के अध्यक्ष लिपू महंती ,सचिव शंकर सतपति एवं सभी कमेटी मेंबर पूरे दिल से लगे हुए।
