सरायकेला में आकाशीय बिजली का कहर: घर में बैठे युवक की मौत, गांव में मातम
Seraikella
सरायकेला। बरसात के मौसम में सरायकेला-खरसावां जिले में आकाशीय बिजली एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। सरायकेला थाना क्षेत्र के टेन्टोपोसी पंचायत अंतर्गत दुबराजपुर गांव के बेचीडीह टोला में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से अनिल महतो की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को करीब 3:30 बजे अनिल महतो अपने घर में बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बरसात के मौसम में लगातार हो रही आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
