एसआईआर जनसुनवाई में शामिल हुए कोल्हान आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम
Seraikella
सरायकेला। कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम मंगलवार को सरायकेला जिला समाहरणालय पहुंचे। यहां उन्होंने मतदाता सूची के एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर आयोजित जनसुनवाई में हिस्सा लिया।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर से संबंधित अपनी आपत्तियां, सुझाव और समस्याएं आयुक्त के समक्ष रखीं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर प्रतिनिधियों ने विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपई सोरेन एवं विधायक सविता महतो भी मौजूद रहीं। वहीं जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
आयुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की ओर से रखे गए सुझावों और आपत्तियों को गंभीरता से सुना तथा एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जानकारी ली। जनसुनवाई का उद्देश्य पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों एवं संबंधित पक्षों की चिंताओं को समझना और आवश्यक सुझावों पर विचार करना रहा।
