खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन इस वर्ष होगा पूरा, विधायक दशरथ गागराई ने सदन में उठाया मुद्दा
Kharsawan
खरसावां विधायक दशरथ गागराई द्वारा झारखंड विधानसभा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खरसावां के नए भवन निर्माण में हो रही देरी का मामला उठाए जाने पर राज्य सरकार ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और पूर्ण होने की समय-सीमा की जानकारी दी है।

सरकार की ओर से दिए गए लिखित उत्तर में बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां के नए भवन का निर्माण कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है तथा शेष कार्य 31 दिसंबर 2026 तक पूरा कर भवन स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। उत्तर में बताया गया कि निर्माण कार्य के लिए उपलब्ध कराई गई भूमि पर 33 बड़े पेड़ होने के कारण पहले उनका निष्पादन आवश्यक था। पेड़ों की कटाई की अनुमति मिलने के बाद 28 जनवरी 2025 से निर्माण कार्य शुरू किया गया। हालांकि विभिन्न कारणों एवं निर्माण सामग्रियों की कमी के चलते कार्य निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सका। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में जगह के अभाव के कारण खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिभंजा (खरसावां) में आउटडोर (ओपीडी) सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।

खरसावां–रडगांव मार्ग की मरम्मत की भी उठाई मांग
वहीं विधायक दशरथ गागराई ने विधानसभा में शून्यकाल के दौरान खरसावां–रडगांव पथ की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क की राइडिंग क्वालिटी बेहद खराब हो चुकी है, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। विधायक ने सरकार से सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं राइडिंग क्वालिटी सुधार के लिए योजना स्वीकृत करने की मांग की है। विधायक ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण सड़क संपर्क के लिए सरकार को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
