सड़क दुर्घटना में कन्हाई प्रधान का निधन, विधायक दशरथ गागराई ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर दी श्रद्धांजलि
Kharsawan
खरसावां प्रखंड अंतर्गत तेलाईडीह ग्राम पंचायत निवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता गोपाल प्रधान के पुत्र कन्हाई प्रधान का बीते शुक्रवार की रात सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। युवा कन्हाई प्रधान की मौत की खबर मिलते ही तेलाईडीह सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार को खरसावां विधायक दशरथ गागराई तेलाईडीह गांव पहुंचे और दिवंगत कन्हाई प्रधान के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक ने मृतक के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर शोक व्यक्त किया तथा शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया। उन्होंने परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी दिवंगत कन्हाई प्रधान को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
ग्रामीणों ने कहा कि कन्हाई प्रधान का असामयिक निधन उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। कम उम्र में उनका निधन बेहद पीड़ादायक है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर कान्हु प्रधान, सुकरा महतो, अशोक प्रधान, सुसेन प्रधान, यशवंत प्रधान, सूरज प्रधान, दशरथ प्रधान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
