जनता की समस्याओं को समझना और प्राथमिकता के साथ समाधान करना मेरा कर्तव्य: जगत माझी
-सोनुवा के बोयकेड़ा पंचायत के विभिन्न गांवों में विधायक जगत माझी ने जनचौपाल लगा ग्रामीणों से किया संवाद, समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को दूरभाष पर दिया निर्देश
Sonuva
सोनुवा: विधायक जगत माझी इन दिनों मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जनचौपाल लगा लोगों से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं से अवगत हो रहे है। इसी क्रम में शनिवार को विधायक जगत माझी बोयकेड़ा पंचायत पहुंचे। यहां विधायक ने बोयकेड़ा के अलावा जराकेल, पंसुवा और झुम्पुरा गांव के लोगों से मुलाकात की। विधायक ने बोयकेड़ा और जराकेल में पेड़ के नीचे चौपाल लगायी। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष पेयजल, खराब चापाकल की मरम्मत, सड़क निर्माण, विद्यालय में शिक्षक नियुक्ति, बिजली आदि से संबंधित समस्याओं की जानकारी देते हुए समाधान की मांग की। ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने बोयकेड़ा में बोयकेड़ा-अर्जुनपुर के बीच संजय नदी पर पुल निर्माण तथा पंचायत भवन से प्राथमिक विद्यालय तक सड़क का निर्माण प्राथमिकता के साथ कराने का आश्वासन दिया।

जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों ने निर्देशित किया। विधायक ने जनचौपाल के दौरान ही जराकेल में जजर्र बिजली पोल बदलने के लिए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता और प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक के प्रतिनियोजन रद्द कर मूल विद्यालय में पदस्थापना के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को दूरभाष पर निर्देश दिया। पंसुवा स्कूल परिसर में भी विधायक ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर संवाद किया और उनकी समस्याएं जाना। विधायक ने कहा कि बोयकेड़ा पंचायत समेत आसपास के इलाकों में पेयजल एवं सिंचाई की समस्या दूर करने के लिए पंसुवा डैम से व्यवस्था कराने का प्रयास करेंगे। विधायक जगत माझी ने बताया कि हम केवल चुनाव के समय ही नहीं बल्कि आम दिनों में भी अपने क्षेत्र के लोगों से मिलने और उनकी समस्याओं को जानने गांवों में जाते रहेंगे। विधायक ने कहा चुनाव तक सीमित नहीं रहना, बल्कि जनता के साथ निरंतर जुड़ाव उनकी कोशिश है। स्पष्ट शब्दों का कहा उनका कार्य केवल चुनाव के समय सक्रिय रहना नहीं है। जनता के बीच जाकर उनकी जमीनी हकीकतों को समझना और अधिकारियों तक पहुंचा समाधान कराना ही उद्देश्य हैं। जनचौपाल के दौरान बोयकेड़ा के मुखिया सोहन माझी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, पूर्व मुखिया अमित अंगरिया, देवेन चातर, जोटो सुरीन, लखिन्द्र सुरीन, मंगल सिंह चाम्पिया समेत ग्रामीण उपस्थित रहे।
