खरसावां के संतारी मे खटिया पर आराम कर रहे व्यक्ति पर टांगी से हमला, गंभीर घायल को ग्रामीणों ने बचाया, सीएचसी से सदर अस्पताल रेफर; आरोपी हिरासत में
Kharsawan
खरसावां थाना क्षेत्र के संतारी गांव में बुधवार सुबह घर के आंगन में खटिया पर आराम कर रहे एक व्यक्ति पर टांगी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना में बागुन रघु (47), पिता बगल रघु के माथे पर गंभीर चोट आई है। आसपास के ग्रामीणों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सरायकेला रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बागुन रघु बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे अपने घर के आंगन में खटिया पर आराम कर रहा था। इसी दौरान गांव का ही 36 वर्षीय बबलू सिरका कथित रूप से टांगी लेकर वहां पहुंचा और अचानक बागुन रघु के सिर पर हमला कर दिया। हमले के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह बागुन को बचाया। इसके बाद घायल को ग्रामीणों के सहयोग से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही खरसावां पुलिस गांव पहुंची और आरोपी बबलू सिरका को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, बबलू सिरका पिछले दो दिनों से टांगी लेकर गांव में घूम रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि वह कभी तलवार तो कभी टांगी लेकर घूमता दिखाई देता है, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने तथा आरोपी को उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस ने घटना को लेकर ग्रामीणों से भी जानकारी ली है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
